असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (केकेसी) का राष्ट्रीय अधिवेशन |

22 Mar, 2025

दिनांक 22 मार्च 2025 को असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (केकेसी) का राष्ट्रीय अधिवेशन इंदिरा भवन, कोटला रोड, नई दिल्ली में आयोजित किया गया, जिसमें 24 राज्यों के 530 प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस राष्ट्रीय अधिवेशन का उद्घाटन श्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश; श्री अजय माकन, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, कांग्रेस; श्री मुकुल वासनिक, महासचिव, कांग्रेस; एवं डॉ. उदित राज, राष्ट्रीय चेयरमैन, केकेसी द्वारा किया गया। ज्ञात हो कि इस विभाग की स्थापना 2017 में श्री राहुल गांधी जी ने की थी। 2014 के बाद निजीकरण और ठेकेदारी प्रथा की रफ्तार बहुत तेज हो गई है, जिससे असंगठित कामगारों की आर्थिक स्थिति सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। 2021-22 के आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार, देश में 43.99 करोड़ कामगार हैं।​ अधिवेशन में असंगठित कामगारों की समस्याओं पर गहन चर्चा की गई। डॉ. उदित राज ने अपने संबोधन में कहा कि असंगठित कामगारों को मौसमी और अनिश्चित रोजगार, खराब कार्य स्थितियां, अनिश्चित और लंबे कार्य घंटे, और कम पारिश्रमिक जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कांग्रेस पार्टी ने इनके हालात सुधारने के लिए कई लाभकारी योजनाएं शुरू की थीं, लेकिन वर्तमान सरकार ने इन्हें लगभग निष्प्रभावी बना दिया है। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित नए श्रमिक कानूनों से कामगारों का शोषण बढ़ेगा, जिससे बड़े उद्योगपति और धनवान और समृद्ध होंगे, जबकि गरीब और गरीब होते जाएंगे।​