केकेसी पंजाब प्रदेश सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न

19 Jul, 2026

केकेसी पंजाब प्रदेश सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न

दिनांक -19 जुलाई 2026 को असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (KKC) के राष्ट्रीय चेयरमैन माननीय डॉ. उदित राज जी के नेतृत्व में, केकेसी पंजाब के प्रदेश चेयरमैन श्री किरणजीत सिंह गेहरी द्वारा जिला फरीदकोट के गज्जन सिंह हॉल, डिलवा में केकेसी पंजाब की प्रादेशिक कार्यकर्ता बैठक एवं प्रदेश सम्मेलन का सफल आयोजन हुआ।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. उदित राज ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अभी भी समय है। यदि केकेसी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ संगठनात्मक कार्य में जुट जाएँ, तो कांग्रेस के पक्ष में 1 से 1.5 प्रतिशत तक अतिरिक्त वोट जोड़े जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ, तो पंजाब में कांग्रेस को सत्ता में आने से कोई नहीं रोक सकता।

उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में अमृतसर, मोगा और श्री मुक्तसर साहिब में भी केकेसी के विशाल सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिससे संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

डॉ. उदित राज ने केकेसी पंजाब के प्रदेश चेयरमैन श्री किरणजीत सिंह गेहरी की सराहना करते हुए कहा कि वे शुरू से ही एक जुझारू, संघर्षशील और कर्मठ नेता रहे हैं। आज का भव्य और सफल सम्मेलन भी उनके नेतृत्व, संगठन क्षमता और अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री गेहरी के नेतृत्व में शीघ्र ही पंजाब के अन्य जिलों में भी ऐसे ही बड़े और सफल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सम्मेलन में पंजाब के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा असंगठित क्षेत्र के कामगारों, कर्मचारियों और श्रमिकों की आवाज़ को घर-घर तक पहुँचाएंगे।

इस अवसर पर केकेसी के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन श्री रमेश कुमार यादव (पंजाब प्रभारी) तथा श्री आदित्य राजपूत (नेशनल कॉर्डिनेटर एवं हरियाणा प्रभारी) की गरिमामयी उपस्थिति ने सम्मेलन को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान की|