दिनांक 10 फरवरी 2022 को उत्तराखंड विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (केकेसी) के राष्ट्रीय चेयरमैन, माननीय डॉ. उदित राज जी ने रुद्रपुर (उत्तराखंड) में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
प्रेस वार्ता में डॉ. उदित राज जी ने मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह सरकार मजदूरों, किसानों, श्रमिकों और आम जनता के हितों की घोर उपेक्षा कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार को पूंजीपतियों की हितैषी और जनता की परेशानियों से बेख़बर बताया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा:
"मोदी सरकार ने देश के मजदूरों और किसानों को बार-बार धोखा दिया है। कृषि कानूनों के जरिए किसानों की पीठ में छुरा घोंपने की कोशिश की गई और अब मज़दूरों को लेबर कोड के नाम पर कानूनी सुरक्षा से वंचित किया जा रहा है। ये सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों के लाभ के लिए नीतियाँ बना रही है, जबकि देश की रीढ़ – असंगठित मजदूर और किसान – लगातार हाशिये पर धकेले जा रहे हैं।"
डॉ. उदित राज जी ने उत्तराखंड की जनता से अपील की कि वे इस बार जनविरोधी भाजपा सरकार को करारा जवाब दें और कांग्रेस को सत्ता में लाकर सामाजिक न्याय, समानता और श्रमिक हितों की सरकार बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी का घोषणापत्र युवाओं, किसानों, महिलाओं, और श्रमिकों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है, और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में केकेसी के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष श्री सी. पी. शर्मा जी, कांग्रेस के स्थानीय नेता, और पत्रकारों की बड़ी संख्या उपस्थित रही। सभी ने डॉ. उदित राज जी के बेबाक विचारों की सराहना की और उत्तराखंड की चुनावी राजनीति में उनके प्रभाव को अहम बताया।